* बाग के समीप कार से शव बरामद
सहारनपुर। दूध डेयरी स्वामी की गला काटकर हत्या करने के बाद हत्यारे उसकी लाश को उसी की कार में छोड़कर फरार हो गये। कार में मौजूद खून से लथपथ लाश को पुलिस ने एक सूचना के आधार पर बाग के समीप से बरामद किया।
जानकारी के मुताबिक कोर्ट रोड स्थित डीएसओ कम्पाउण्ड निवासी राकेश अरोड़ा की यहां घण्टाघर पर क्वालिटी नाम से दूध डेयरी है वहीं रामपुर मनिहारान में एक पनीर बनाने का कारखाना है जहां राकेश अरोड़ा का रोजाना आना-जाना लगा रहता था। सोमवार की शाम लगभग 7.3० बजे राकेश अरोड़ा अपनी कार में सवार होकर पनीर बनाने के अपने कारखाने में जाने के लिये निकला था लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसके मोबाइल पर भी सम्पर्क साधने का प्रयास किये लेकिन हर बार स्वीच ऑफ बताया जाने लगा। राकेश अरोड़ा के घर वापस न लौटने पर आज सुबह उसके रिश्तेदार उमेशलाल, देसलाल, अमरलाल, जितेन्द्र व सुरेन्द्र उसे तलाश करते हुए रामपुर मनिहारान स्थित उसके कारखाने के लिये रवाना हुए जहां से उसके बारे में सही जानकारी हासिल की जा सके। इससे पूर्व किसी ने पुलिस को सूचना दी कि गुर्जर आईटीआई के निकट स्थित बाग में एक कार खड़ी है जिसमें एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में देखा गया है। इस सूचना पर पुलिस तत्काल बताये गये स्थान पर पहुंची जहां कार के अन्दर राकेश अरोड़ा की लाश मौजूद थी जिसकी गर्दन को बड़ी बेरहमी से काटा गया था, जो उसकी मौत का कारण बन गया था। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस ने तत्काल इसकी जानकारी अपने आलाधिकारियों को दी। जानकारी मिलने पर एसएसपी लव कुमार व एसपी देहात रफीक अहमद भी घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक जानकारी प्राप्त कर पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। इसी दौरान राकेश अरोड़ा के रिश्तेदार भी वहां पहुंच गये जिन्होंने पुलिस समक्ष उसकी शिनाख्त की। बाद में पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। राकेश अरोड़ा अपने पीछे पत्नी समेत अपने 16 वर्षीय पुत्र अर्श अरोड़ा व 15 वर्षीया पुत्री अंशिका को छोड़ गये हैं। पुलिस जांच में पता चला कि राकेश अरोड़ा ने रामपुर मनिहारान में पिछले दिनों जमीन खरीदी थी जिसको लेकर उनकी यहां रंजिश चल रही थी। संभावना जतायी जा रही है कि इसी रंजिश के तहत इस हत्या को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस हर ऐंगल पर तहकीकात में जुटी है।


0 comments:
Post a Comment