-- अदाकार गु्रप के रंगकर्मियों ने किया नुक्कड़ नाटक का प्रभावी प्रदर्शन
-- लायंस क्लब ने किया वरिष्ठ रंगकर्मी जावेद खान सरोहा को सम्मानित
जन लीडर न्यूज़
सहारनपुर। रंग संस्था अदाकार ग्रुप की नवीनतम उपलब्धियों को सर्वत्र सराहा जा रहा है। इसी क्रम में, संस्था की ओर से लायंस क्लब के कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक ‘आखिर कब तक‘ की यादगार पेशकश दी गई। आयोजन के दरमियान, रंगकर्म के संरक्षण व संवर्धन की दिशा में सतत प्रयासरत वरिष्ठ रंगकर्मी एवं अदाकार गु्रप के अध्यक्ष जावेद खान सरोहा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
लायंस क्लब सहारनपुर ’मयूर’ की ओर से जीपीओ रोड स्थित सभागार में आयोजित चार्टर कल्चरल नाइट में अदाकार गु्रप के युवा रंगकर्मियों ने नारी समस्या पर आधारित नाटक का प्रदर्शन किया। जावेद खान सरोहा के लेखन तथा नवोदित निर्देशक वृतिका वर्मा के निर्देशन से सजे नुक्कड़ नाटक ‘आखिर कब तक‘ के प्रभावी प्रदर्शन ने हर किसी को झकझोरकर रख दिया। नाटक के कथानक और संदेश ने लायंस कल्ब के सदस्यों पर इस हद तक असर छोड़ा कि, उन सभी ने प्रदर्शन के बाद खड़े होकर करतल ध्वनि से सभी रंगकर्मियों का जोरदार अभिवादन किया। नाटक में प्रदर्शित समस्याओं को उन्होंने बेहद सामयिक और जीवंत बताया। नाटक में महिला घरेलू हिंसा, भू्रण हत्या, दुष्कर्म, लिंगभेद और अशिक्षा जैसे मुद्दों पर बखूबी कटाक्ष करते हुए रंगकर्मियों ने पूरे समाज के सामने अहम सवाल खड़े किए। उन्होंने तीखे संवादों के जरिए बेबाक लहजे में पूछा कि, आखिर कब तक हमारा समाज इन तमाम कुरीतियों और कुपरम्पराओं को जस का तस मूक दर्शक बने रहकर ढोता रहेगा ?
नाटक के प्रभावी प्रदर्शन के उपरांत संस्था के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ रंगकर्मी जावेद खान सरोहा को रंगमंच के माध्यम से समाज सेवा के प्रति सतत प्रयासरत रहने और पीढ़ी-दर-पीढ़ी रंगकर्म की अलख जगाने के लिए क्लब की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संगीतकार एवं गायक संजीव झिंगरन और कर्नल मोहर सिंह ने सुरीली आवाज का जादू बिखेरा। कार्यक्रम चेयरमैन संजीव भाटिया ने अजय सिंघल, विनय मित्तल, मलकीत सिंह, संजीव अग्रवाल गाजियाबाद, विनोद शर्मा हरिद्वार, पीएस खुराना मसूरी,एलएम जखवाल आदि का स्वागत किया। नुक्कड़ नाटक में मोहम्मद हैफ, नीतिश कुमार, सैयद मुजतबा, अनुज कुमार, रिया वर्मा, नाजिम खान, कबीर सरोहा, पारस रंधावा, सुमित सैनी, सोहराब चौधरी और वृतिका वर्मा के अभिनय को दर्शकों ने सराहा। समापन पर संयोजक सुशील भनोट ने सबका आभार व्यक्त किया। हापुड़ से आए मुख्य अतिथि एवं पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन मुकेश गोयल ने सभी अदाकारों को पुरस्कार बांटे।



0 comments:
Post a Comment